कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश), 22 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल धर्मशाला के मैक्लॉडगंज में दिल्ली से आई एक महिला पर्यटक के साथ दुराचार की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपी की पहचान कांगड़ा निवासी शुभम के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने तीन दोस्तों और बॉस के साथ धर्मशाला घूमने आई थी। इससे पहले यह ग्रुप ज्वालामुखी गया था, जहां शुभम ने उन्हें बुलाया था। शुभम पीड़िता के बॉस का करीबी दोस्त है और ज्वालामुखी में उसका एक होटल भी है।
ग्रुप 19 जुलाई को धर्मशाला पहुंचा और मैक्लॉडगंज के पास एक होटल में रुका। पुलिस के मुताबिक, शुभम भी उसी होटल में ठहरा हुआ था। महिला ने अपने बयान में कहा कि रविवार को जब उसके सभी दोस्त बाहर घूमने गए थे और वह होटल के कमरे में अकेली थी, तब शुभम जबरन उसके कमरे में घुसा और उसके साथ बलात्कार किया।
Also Read : सोलन: गंबर खड्ड में करंट लगने से युवक की मौत, मछलियां पकड़ते समय हुआ हादसा | Himachal Accident News
पीड़िता का कहना है कि शुभम ने उसे धमकाया भी, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपी को मैक्लॉडगंज से गिरफ्तार कर लिया।
कांगड़ा के ASP बीर बहादुर ने बताया कि महिला की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस उसके साथ आए अन्य दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।