हमीरपुर : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके आगमन पर कॉलेज के विद्यार्थियों और स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के कॉलेज पहुंचते ही छात्रों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण
समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान उन्होंने नेताजी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी देशभक्ति और साहस सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने छात्रों को नेताजी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी।
एनआईटी हेलीपैड पर हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के हमीरपुर आगमन पर एनआईटी हेलीपैड पर कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सुजानपुर से कांग्रेस विधायक कैप्टन रणजीत राणा, केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा, पूर्व उम्मीदवार पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर और सुमन भारती ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री के साथ आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू और विधायक सुरेश कुमार भी मौजूद रहे।
हमीरपुर कॉलेज में विद्यार्थियों को किया संबोधित
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
सुजानपुर के लिए हुए रवाना, किया विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
हमीरपुर कॉलेज के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सुजानपुर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के साथ-साथ कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और हर क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
*दुलैहड़ में नशे से युवक की मौत, जंगल में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी*
*मुख्यमंत्री सुक्खू का विपक्ष को संदेश: सदन में तथ्यों के आधार पर मिलेगा हर सवाल का जवाब*
*हिमाचल प्रदेश में पटवारी-कानूनगो की हड़ताल खत्म, लोगों को मिली राहत*
मुख्यमंत्री के इस दौरे से स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोग बड़ी संख्या में उनके स्वागत के लिए एकत्र हुए और उनसे विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की।



