जिला कांगड़ा के परागपुर के बीडीओ 10 हजार रूपये की रिश्वत सहित गिरफ्तार

Sanjay Gupta

दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
कांगड़ा। स्टेट विजिलेंस टीम ने परागपुर के खंड विकास अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विकास खंड परागपुर की ग्राम पंचायत कड़ोआ की पंचायत प्रधान की शिकायत पर विजिलेंस ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी खंड विकास अधिकारी ने उक्त पंचायत की प्रधान रीना देवी से डीसी की ओर से स्वीकृत राशि को जारी करने के लिए 10,000 रूपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद पंचायत प्रधान रीना देवी ने उक्त आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायत के अधीन कुछ निर्माण कार्यों के लिए उपायुक्त कांगड़ा की ओर से करीब डेढ़ लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इस राशि को जारी करने के बदले खंड विकास अधिकारी परागपुर ने 10,000 रूपये की रिश्वत मांगी थी।

लिहाजा, विजिलेंस की टीम ने शिकायत के आधार पर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को विजिलेंस टीम ने आरोपी को 10,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एसपी विजिलेंस धर्मशाला बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी खंड विकास अधिकारी को रंगे हाथ रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायलय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *