दै. ज. डेस्क
ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के हरोली क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मामला शादी के नाम पर हुई धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार बिचौलिए की भूमिका निभा रही एक महिला ने वर पक्ष के साथ धोखा किया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह कुटलेहड़ विधानसभा क्षेत्र से एक बारात ऊना के हरोली क्षेत्र पहुंची। वहाँ पहुँचने पर दूल्हे और बरातियों को दुल्हन का घर मिला और ना ही दुल्हन। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर वो भी नहीं समझ पाए कि शादी किस घर में है। इसके बाद ग्रामीणों को दुल्हन की फोटो दिखाई गई तो उन्होंने बताया कि ये लड़की उनके गांव की नहीं है। शादी की बिचौलिया महिला जो दूल्हे के गांव की ही है, वह भी मौके पर मौजूद थी। उसने दावा किया कि शादी वाला घर इसी गांव में है और दुल्हन इसी गांव में रहती है। इस बीच वह महिला लड़की के घर का पता लगाने के बहाने पति के साथ गाड़ी में सवार होकर वहाँ से फरार हो गई। काफ़ी देर बाद वर पक्ष ने उस महिला से सम्पर्क साधा तो उसने कहा कि दुल्हन ने जहरीला पदार्थ खा लिया है, जिसे लेकर परिजन नवा शहर (पंजाब) अस्पताल लेकर गए हैं। लिहाजा, वर पक्ष को उनके साथ हुए धोखे का अहसास हुआ। कुछ बरातियों ने महिला का पीछा किया और उसे वापस मौके पर ले आए। इस मामले की सूचना मिलते ही पंचायत पदाधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। हरोली के डीएसपी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा सकेगी।
दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, नहीं मिली दुल्हन और उसका घर, शादी में बिचौलिया बनी महिला मौके से हुई फरार

Leave a comment


