राष्ट्रीय पर्यावरण सप्ताह पर त्रिलोकपुर में एकल विद्यालय अभियान द्वारा पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, निकाली गई शोभायात्रा

दैनिक जनवार्ता - ताजा खबर, आपकी नजर

Sanjay Gupta
By Sanjay Gupta Add a Comment 2 Min Read
त्रिलोकपुर में पर्यावरण दिवस सप्ताह के अवसर पर प्रभातफेरी निकालते एकल विद्यालय अभियान के कार्यकर्ता : दैनिक जनवार्ता
Highlights
  • त्रिलोकपुर में निकली पर्यावरण जागरूकता शोभायात्रा, गंगा पूजन और पौधारोपण से दिया संरक्षण का संदेश

विस्तृत समाचार:
कालाअंब (सिरमौर), 6 जून। राष्ट्रीय पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर सिरमौर जिले के त्रिलोकपुर में एकल विद्यालय अभियान के गतिविधि विभाग द्वारा एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, गंगा दशहरा एवं निर्जला एकादशी के पावन पर्व को समर्पित था, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम की शुरुआत एक जागरूकता पूर्ण प्रभात फेरी और शोभायात्रा से हुई, जिसमें लगभग 250 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस रैली के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि पेड़-पौधे केवल प्राकृतिक सौंदर्य का हिस्सा नहीं, बल्कि शुद्ध वायु, जल और जीवन के लिए अनिवार्य हैं।

इसके उपरांत धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के अद्भुत समन्वय के रूप में गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी के अवसर पर गंगा पूजन तथा विशेष अनुष्ठान संपन्न किए गए। इस दौरान लगभग 60 से 70 पौधों का रोपण कर प्रकृति के प्रति श्रद्धा और कर्तव्य को एक साथ प्रस्तुत किया गया।

इस आयोजन में गतिविधि विभाग की प्रशिक्षण प्रमुख नीरज ठाकुर, केंद्रीय टोली के राघवेंद्र सिंह सैनी, प्रभाग प्रमुख सुनील ठाकुर, गतिविधि प्रमुख कृष्ण, संभाग प्रमुख अजय गजटा, भाग प्रमुख दिनेश, और सिरमौर भाग के रणदीप शर्मा खाजटा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : कालाअंब में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण, वन विभाग ने दिया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का संदेश

रणदीप शर्मा खाजटा ने जानकारी दी कि एकल विद्यालय अभियान वर्तमान में देश के एक लाख गांवों में कार्यरत है। संगठन ने पर्यावरण सप्ताह के तहत एक महीने तक चलने वाले अभियान की शुरुआत की है, जिसमें प्रभात फेरियां, पौधारोपण, गंगा पूजन और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सिरमौर भाग के अंचल अटाल, चौपाल, शिलाई, श्री रेणुका जी, राजगढ़ व सोलन के लगभग 1500 गांवों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रभाग, उत्तर क्षेत्र प्रभाग और केंद्रीय टोली के सभी अभियान व कार्यालय प्रमुखों की उपस्थिति ने इसे और अधिक प्रभावशाली बनाया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *