दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के नाम पर एक युवक से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भोरंज के साही गांव के रहने वाले जितेश शर्मा की 13 दिसंबर 2024 को एक बिचौलिए ने हरियाणा की एक लड़की बबीता से शादी करवाई गई थी। लेकिन दुल्हन उसे छोड़कर चली गई है।साथ ही गहने भी ले गई है। इतना ही नहीं बिचौलिए ने भी 1.50 लाख रुपए लौटाने से मना कर दिया है। इस धोखाधड़ी का शिकार हुए जितेश ने अब भोरंज पुलिस थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जितेश शर्मा की शादी उसके परिचित बलदेव सरकाघाट, मंडी का रहने वाला है। वर्तमान में वह हरियाणा के यमुनानगर में रह रहा है। बताया जा रहा है कि शादी कराने के बदले बलदेव ने जितेश से 1.50 लाख रुपए भी लिए थे। 13 दिसंबर को भोरंज कोर्ट में दोनों की शादी करवाई गई। लेकिन उस समय बबीता का जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था।
लिहाजा, एडवोकेट ने शपथ पत्र के माध्यम से शादी करवाई। शादी के बाद बबीता केवल चार दिन ही पति के साथ रही। इसके बाद उसने अपनी मां की बीमारी का बहाना बनाया और जगाधरी, हरियाणा जाने की ज़िद्द की। जितेश पत्नी को लेकर यमुनानगर गया, जहां उसे कहा गया कि उसकी सास आईसीयू में है। बलदेव एक अन्य व्यक्ति के साथ पहले से वहां मौजूद था। इसके बाद बबीता ने जितेश को यह कहकर वापस भेज दिया कि जैसे ही उसकी मां ठीक होगी, वह घर आ जाएगी। लेकिन जब वह नहीं आई तो मजबूरन जितेश को शिकायत दर्ज करानी पड़ी।