शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सदन में जोरदार हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों ने प्रदेश में बजट आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सदन से वाकआउट कर दिया।
भाजपा विधायक आशीष शर्मा के सवाल पर गरमाया सदन
हमीरपुर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने सरकार से देहरा विधानसभा क्षेत्र में महिला मंडलों को कांगड़ा बैंक के माध्यम से दी गई राशि को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या यह सही है कि महिला मंडलों को कांगड़ा बैंक से राशि जारी की गई? यदि हां, तो कितने महिला मंडलों को यह राशि मिली?
इस सवाल पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जिससे विपक्षी भाजपा विधायक भड़क गए और सदन में हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा विधायकों ने सरकार पर बजट आवंटन में भेदभाव करने का आरोप लगाया और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष ने इस वाकआउट को सदन की कार्यवाही में रिकॉर्ड नहीं किया।
विधायक क्षेत्र विकास निधि पर भी गरमाया मुद्दा
विधानसभा में जोगिंद्रनगर से भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने विधायक क्षेत्र विकास निधि (MLA Fund) का बजट जारी न करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सात महीने से कोषागारों में बजट रोका गया है, जबकि पहले ऐसा कभी नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें
*मोगीनंद में हाईवे किनारे सफाई अभियान, टीसीपी विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीण खुश*
इस पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जवाब देते हुए कहा कि विधायक ने अपनी संस्तुतियां उपायुक्त को पूरी तरह से नहीं भेजी हैं, जिस कारण बजट रुका हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोविड महामारी और प्राकृतिक आपदा के दौरान ही निधि जारी करने में थोड़ी रुकावट आई थी, लेकिन वर्तमान में निधि जारी करने में कोई समस्या नहीं है।
मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में उप मुख्यमंत्री ने दिया जवाब
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस दौरान सुजानपुर के होली उत्सव में शामिल होने गए थे। उनकी अनुपस्थिति में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार की ओर से जवाब दिया।
भाजपा का सरकार पर पक्षपात का आरोप
भाजपा विधायकों का कहना है कि सरकार विपक्षी विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों को रोककर पक्षपात कर रही है। विपक्ष ने मांग की है कि बजट आवंटन में पारदर्शिता लाई जाए और सभी विधानसभा क्षेत्रों को समान रूप से निधि उपलब्ध कराई जाए।



