कालाअंब टोल टैक्स बैरियर पर दिनभर रहा भारी जाम, यात्री बेहाल

दैनिक जनवार्ता - ताज़ा खबर, आपकी नजर

Sanjay Gupta
कालाअंब - त्रिलोकपुर रोड़ पर लगा भारी जाम फोटो : दैनिक जनवार्ता
Highlights
  • हरियाणा की सीमा तक पसरा रहा ट्रैफिक, हिमाचल पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

कालाअंब (सिरमौर) – औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब टोल टैक्स बैरियर पर शुक्रवार को दिनभर भारी जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। यह जाम न केवल हिमाचल प्रदेश के क्षेत्र में बल्कि हरियाणा की सीमा में भी लगा रहा। सुबह से ही कालाअंब टोल टैक्स बैरियर के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, स्थिति दोपहर तक और भी गंभीर हो गईं।

तीन दिशाओं में जाम, हरियाणा की तरफ अधिक असर
कालाअंब से हरियाणा के नारायणगढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर सबसे ज्यादा जाम देखा गया। इसके अलावा कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग और कालाअंब-नाहन मार्ग पर भी यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। गाड़ियों की लंबी कतारों में फंसे लोगों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार यात्री भी शामिल रहे, जिन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

देखें वीडियो 👉 https://www.facebook.com/share/v/18ui5L88h2/

हरियाणा क्षेत्र में यातायात प्रबंधन नहीं, हिमाचल पुलिस ने संभाली कमान
जाम की स्थिति से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। खास बात यह रही कि हरियाणा क्षेत्र की ओर से यातायात नियंत्रण के लिए कोई पुख्ता प्रबंध दोपहर तक नहीं दिखाई दिए। मजबूरी में हिमाचल पुलिस को ही हरियाणा की सीमा में जाकर यातायात नियंत्रित करना पड़ा।

स्थानीय लोगों सहित यात्रियों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों सहित त्रिलोकपुर आने वाले श्रद्धालुओं ने इस अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स वसूलने वाली एजेंसियां केवल शुल्क वसूलने में तत्पर रहती हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती हैं। यात्रियों ने मांग की है कि दोनों राज्यों की पुलिस इस मार्ग पर समन्वय बनाकर यातायात बहाली के ठोस प्रबंध करें, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति न बने।

कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी ने दी जानकारी
पुलिस थाना कालाअंब के प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि जाम की स्थिति सुबह से ही बनी हुई थी। थाने से चार जवानों को टोल टैक्स बैरियर पर तैनात किया गया है ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए मदद करने में असमर्थता जताई। लिहाजा, हमारे जवानों को हरियाणा क्षेत्र में जाकर भी यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ी।

यह भी पढ़ें -: हिमाचल की नातिन काश्वी गौतम का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

बहरहाल, दोपहर बाद जाम की स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। लेकिन शाम को एक बार फिर जाम लग गया, जिसे हिमाचल पुलिस ने खुलवाया। बता दें कि हरियाणा क्षेत्र की ओर से जाम लगना शुरू होता है। इससे प्रदेश के भीतर भी यातायात प्रभावित हो जाता है और दोनों राज्यों में नैशनल हाईवे पर लंबी लंबी वाहनों की कतारें लग जाती हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *