किसानों के हित में काम कर रही है केंद्र व प्रदेश सरकार: श्याम सिंह राणा

ताज़ा खबर - आपकी नजर

admin
By admin Add a Comment 3 Min Read
शहजादपुर में किसानों को सम्बोधित करते क़ृषिमंत्री श्याम सिंह राणा : दैनिक जनवार्ता
Highlights
  • किसानों के हित में केंद्र व प्रदेश सरकार कर रही है निरंतर प्रयास: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
  • स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं, प्राकृतिक खेती अपनाकर स्वस्थ रहें: श्याम सिंह राणा
  • किसानों से रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग की अपील, अमेरिकी टैरिफ पर भारत की जवाबी रणनीति

शहजादपुर, 10 अगस्त।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की नीतियां इस प्रकार बनाई गई हैं कि किसानों की आय में वृद्धि हो और उन्हें अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

मंत्री रविवार को शहजादपुर में मंडल प्रधान विक्रम राणा के निवास पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा संगठन ने उन्हें नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। इससे पूर्व उन्होंने विधानसभा प्रभारी के रूप में शक्ति केंद्र प्रमुखों, जिला पदाधिकारियों और अन्य कार्यकर्ताओं से परिचयात्मक बैठक की।

ये भी पढ़ें 👉हरियाणा सरकार की किसान योजनाओं से सम्बंधित जानकारी

प्राकृतिक खेती पर जोर
श्याम सिंह राणा ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अत्यधिक प्रयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान न केवल अपनी सेहत सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ा सकते हैं।

किसानों की आय में बढ़ोतरी
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। अब फसल बिकने के बाद भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। भावांतर भरपाई योजना किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

वैश्विक दबाव के बावजूद किसानों का हित सर्वोपरि
मंत्री ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ लगाने के बावजूद मोदी सरकार ने कूटनीतिक प्रयासों से उसका असर कम किया है। किसानों और उद्योगों के हित में प्रधानमंत्री ने किसी भी वैश्विक दबाव के आगे झुकने से इनकार किया है।

स्वदेशी को बढ़ावा
कृषि मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और देश के किसानों, मजदूरों और कारीगरों द्वारा निर्मित वस्तुएं खरीदें। इससे न केवल घरेलू उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

भाजपा संगठन को मजबूत करने का आह्वान
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं और पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करें। पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, जिला प्रधान मनदीप राणा और भारतीय किसान यूनियन (नरपत) के अध्यक्ष नरपत राणा ने भी इस मौके पर किसानों के हित में सरकार की योजनाओं की सराहना की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *