दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में हिमाचल के उप मुख्यमंत्री के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य ने भी आस्था की डुबकी लगाई। राजनितिक गालियारों में इसकी काफ़ी चर्चा हो रही है।
दरअसल हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपनी माता हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ प्रयागराज पहुंचे। विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह ने वसंत पंचमी के पावन अवसर पर महाकुंभ में स्नान किया।
संगम स्नान के दौरान विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल में डुबकी लगाई और गंगा जल का आचमन किया। साथ ही उन्होंने भगवान सूर्य की पूजा भी की। उनके साथ युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष यदोपति ठाकुर भी मौजूद रहे
विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि हम महाकुंभ में शामिल हुए और यह एक अविस्मरणीय अनुभव था। पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाने से मुझे एक नई ऊर्जा और शांति की अनुभूति हुई।
बता दें कि इससे पहले हिमाचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी अपनी बेटी के साथ एक दिन पूर्व ही महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई थी।
उन्होंने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर लिखा विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक महासंगम महाकुंभ के दिव्य अवसर पर आज प्रयागराज के पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान का अलौकिक सौभाग्य प्राप्त हुआ।



