दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
नारायणगढ़ (अंबाला)। नगर पालिका नारायणगढ़ में शुक्रवार को संपत्ति कर सुधार शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों को उनकी संपत्ति कर में सुधार करने और उनकी बकाया राशि को चुकता करने में मदद करना था। शिविर में नगर पालिका अधिकारियों ने नागरिकों को संपत्ति कर से संबंधित सभी जानकारी प्रदान की और उन्हें प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाने के लिए मार्गदर्शन किया।
नगर पालिका सचिव मोहित कुमार ने बताया कि यह शिविर नागरिकों को समय पर संपत्ति कर जमा करने के लिए प्रोत्साहित करेगा और नगर पालिका के विकास कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका ने कुछ मुख्य कार्यों के लिए निविदाएं भी जारी की हैं।
इनमें नगर क्षेत्र में बढ़ते हुए बेसहारा पशुओं की समस्या को नियंत्रित करने के लिए बेसहारा पशु को पकड़ने के लिए निविदा जारी की है। कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी के लिए भी निविदा जारी की है।
इसके अलावा नगर पालिका को नगर में बेहतर रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए नए एलईडी लाइट्स खरीदने के लिए भी स्वीकृति मिल गई है।