नाहन (सिरमौर), 6 जून।
सिरमौर पुलिस ने अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए एक विशेष अभियान के तहत पांवटा साहिब के रामपुरघाट मार्ग पर रातभर चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 100 से अधिक डंपरों और ट्रालों की जांच की गई, जिसमें यातायात और खनन नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 डंपरों को जब्त (इंपाउंड) किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चिंत सिंह नेगी के नेतृत्व में वीरवार देर रात 10:30 बजे से शुक्रवार तड़के 3 बजे तक चलाई गई। टीम में डीएसपी मुख्यालय नाहन रमाकांत ठाकुर, थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी, एसआईयू और छठी बटालियन धौलाकुआं के अधिकारी शामिल रहे।
एसपी ने बताया कि लंबे समय से बाहरी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों द्वारा ओवरलोडिंग, नियत समय का उल्लंघन और नो एंट्री टाइम में ट्रैफिक जैसी समस्याओं की शिकायतें मिल रही थीं। क्रशरों से रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ही सामग्री ढुलाई की अनुमति है, लेकिन कुछ वाहन इस अवधि में भी दौड़ते रहे, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी थी।
ग्रामीणों ने इस संदर्भ में हाल ही में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को शिकायत सौंपी थी, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत यह विशेष अभियान चलाया गया।
💥 हिमाचल व आसपास की खबरों की जानकारी के लिए हमारा व्हाट्सअप ग्रुप Join करें ✅
कार्रवाई के दौरान 21 डंपरों को धारा 194 व 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त किया गया, जबकि एक डंपर को खनन अधिनियम के अंतर्गत जब्त किया गया।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रखेगी ताकि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और यातायात उल्लंघनों पर सख्त नियंत्रण रखा जा सके।



