दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में कई दिनों से एक तेंदुए ने इलाके में दहशत फैला रखी थी। ये कई पशुओं और बकरियों को अपना शिकार बना चुका था। अब स्थानीय लोगों ने आदमखोर तेंदुए को जाल डालकर पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। बताया जा रहा है कि गिरी पार के आंज भोज के डांडा गांव के निकट खड्ड में ग्रामीणों ने साहस करते हुए खतरनाक तेंदुए को पकड़ लिया है।
पिछले कई दिनों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए थे, लेकिन तेंदुआ इनमें नहीं फंसा। इससे परेशान हो कर ग्रामीणों ने खुद ही पकड़ने का फैसला किया।
तेंदुए को पकड़ने के उपरांत लोगों ने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ लिया और साथ में इसे पानी भी पिलाया।
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में कई सालों से तेंदुए घूम रहे हैं जोकि पशुओं को अपना निशाना बनाते हैं। ये संख्या में काफी हैं।ये चिंता का विषय है। वन विभाग को ये मामला गंभीरता से लेना चाहिए।